Weather News: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. दिल्ली में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है, जबकि मुंबई और कोलकाता में तेज बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के दौरान कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. दूसरी ओर, मध्य और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अभी भी लू का असर बना हुआ है.
23 जून के आसपास मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. वहीं, छत्तीसगढ़ में भी दस्तक दे सकता है. मानसून लगभग 15 दिनों से महाराष्ट्र और आसपास के राज्यों में रुका हुआ है. हालात मानसून के अनुकूल होने से उत्तर पूर्वी राज्यों में 25 जून तक भारी बारिश होगी. सिक्किम और उत्तर बंगाल में भी सोमवार को भारी बारिश होने के आसार हैं.
इस राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. विदर्भ में रात के समय भी लू का अलर्ट है. असम, पश्चिम बंगाल और मेघालय में भारी बारिश का दौर आगे भी जारी रहेगा. राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है. बिहार, झारखंड, उड़ीसा में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है और बिजली गिरने की आशंका है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों में मानसून और प्री-मानसून की वजह से मौसम का मिजाज बदला है, वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की गई है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम जैसे राज्यों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते वहां के कई जिलों में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है. इसके साथ ही दक्षिण भारत के राज्यों जैसे केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी अगले दो दिनों के भीतर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
आठ राज्यों में अब भी भीषण गर्मी का प्रकोप
इसके विपरीत, देश के करीब आठ राज्यों में अभी भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां प्री-मानसून एक्टिविटी होने के बावजूद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है. उत्तर प्रदेश का बांदा शहर 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि प्रयागराज, खजुराहो और ब्रह्मपुरी जैसे शहरों में भी पारा 42 से 43 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में मौसम सामान्य बना रहेगा.
इसे भी पढ़ें:-प्रदेशवासियों को सीएम योगी की पाती, लोगों से की पांच अपील