Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने को लेकर नया अपडेट सामने आया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा के सदस्य की शपथ लेंगे. इसके लिए वे 9 अप्रैल को दिल्ली जायेंगे. 10 अप्रैल को शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात दिल्ली में एनडीए के कई आला नेताओं से होगी. इसमें ताजा राजनीतिक हालात पर चर्चा होने की संभावना है.
बिहार में नई सरकार का गठन कब?
वहीं, बिहार की राजनीतिक में ये एक बड़ा सवाल है कि आखिर नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कब देंगे? ऐसा इसलिए भी क्योंकि उनके इस्तीफा देने के बाद ही बिहार में बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनने का रास्ता साफ हो पाएगा. माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को खरमास के समाप्त होने के बाद बिहार में नई सरकार का गठन होगा.
जेडीयू सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा की शपथ लेने के बाद ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर अपना इस्तीफा सौंपेंगे. 10 अप्रैल को शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार अगले दिन पटना जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं.
नीतीश कुमार की Z+ सिक्योरिटी को लेकर बड़ा फैसला
वहीं, आपको बता दें कि बिहार की राजनीति में हो रहे बदलावों के बीच नीतीश कुमार की सिक्योरिटी को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है. मुख्यमंत्री का पद छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी. गृह विभाग की विशेष शाखा ने इससे जुड़ा आदेश जारी किया है. इस आदेश में कहा गया है कि नीतीश कुमार को बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000 के तहत सुरक्षा अनुमान्य है.
बिहार में सीएम फेस पर चर्चा तेज
राज्यसभा के सदस्य के रूप में सीएम नीतीश शपथ लेने के बाद सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं. ऐसे में राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी चर्चा तेज है. बीजेपी और जेडीयू के कई नेताओं की चर्चा हो रही. खासकर दो नाम ज्यादा भावी माने जा रहे हैं. बीजेपी से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को समर्थन देने की बात की जा रही है. जबकि जेडीयू से सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम फेस बताया जा रहा है. लेकिन अब तक एनडीए की ओर से आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया गया है.
इसे भी पढ़ें:-यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 70 की स्पीड से चलेंगी हवाएं