Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुचर्चित ‘समृद्धि यात्रा’ के पांचवें चरण की शुरुआत आज से हो रही है. इसके तहत आज यानी 23 मार्च को सीएम नीतीश जहानाबाद और अरवल जाएंगे. इसके बाद 24 मार्च को कैमूर और रोहतास, 25 मार्च को भोजपुर और बक्सर, जबकि 26 मार्च को पटना में इस चरण का समापन होगा. सीएम नीतीश आज थोड़ी देर में पटना से जहानाबाद के लिए रवाना होंगे.
जहानाबाद में 252 करोड़ की 161 योजनाएं
हेलीकॉप्टर से नीतीश कुमार आज सुबह 10:30 बजे जहानाबाद पहुंचेंगे. यहां 252 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली 161 योजनाओं का उपहार देंगे. इसमें करीब 150 करोड़ रुपये की लागत वाली 73 नई योजनाओं की नींव रखी जाएगी जबकि लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 88 योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा. गांधी मैदान में अधिकारियों के साथ जिले के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक और जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
अरवल में दोपहर 1 बजे – 272 योजनाओं की सौगात
जहानाबाद से दोपहर 1 बजे अरवल पहुंचेंगे. यहां 153 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे. 63 करोड़ की 22 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे जबकि 90 करोड़ की लागत से पूरी हुई 250 योजनाओं का उद्घाटन भी होगा. विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसंवाद कार्यक्रम में भी भाग लेंगे.
24 से 26 मार्च तक कैमूर, पटना में होगी समाप्ति
24 मार्च को कैमूर और रोहतास, 25 मार्च को बक्सर और भोजपुर तथा 26 मार्च को नालंदा और पटना का दौरा होगा. पटना में ही यात्रा की समाप्ति होगी. यात्रा के जरिये विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के सीधे संवाद से आम लोगों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का भी मौका मिल रहा है. गौरतलब है कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और अगले महीने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ सकते हैं. उससे पहले वे बिहार में लगातार यात्रा पर हैं.
सीएम नीतीश स्थलों का करेंगे निरीक्षण
सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सीएम सुरक्षा टीम द्वारा सभी स्थलों का निरीक्षण किया जा चुका है और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. डीएम अलंकृता पांडे ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए. स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि ‘समृद्धि यात्रा’ से जिले के विकास को नई गति मिलेगी.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी के भाव स्थिर, जानिए क्या है आज का रेट