Jharkhand: झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़े 8 अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें जानकारी थी कि कोलियरी क्षेत्र में संगठन के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं.
किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की बना रहे थे योजना
पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि उग्रवादी संगठन के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और संदिग्ध इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई. छापेमारी के दौरान ग्राम आसवा और गुडकुवा के पास पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखकर वाहन चालक भागने लगा, लेकिन पीछा करने पर वाहन असंतुलित होकर पुल और पेड़ से टकरा गया. इसके बाद भागने की कोशिश कर रहे सभी आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया.
भारी मात्रा में हथियार बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो इंसास राइफल सहित भारी मात्रा में जिंदा गोलियां, एक देशी पिस्टल, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किया गया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये सभी आरोपी टीएसपीसी के जोनल कमांडर भीखन गंझू और सब-जोनल कमांडर दिनेश जी उर्फ रवि राम के संपर्क में रहकर विभिन्न जिलों में संगठन का संचालन कर रहे थे. ये लोग लेवी वसूली, धमकी और क्षेत्र में दहशत फैलाने का काम करते थे.
इसे भी पढ़ें:-समृद्धि यात्रा का 5वां चरण आज से शुरू, जहानाबाद-अरवल का दौरा करेंगे CM नीतीश कुमार