बाबा बर्फानी के दर्शन कर बेहद खुश नजर आए श्रद्धालु, बोले-अद्भुत आनंद मिला, पूर्णाकार अलौकिक

Jammu and Kashmir: बाबा बर्फानी के दर्शन कर बेहद खुश नजर आए श्रद्धालु। पवित्र गुफा के दर्शन कर लौटे श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और आस्था की एक अलग झलक दिखाई दी।

श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष बाबा बर्फानी अपने पूर्ण आकार में विराजमान हैं। पहले दिन दर्शन करने वाले यात्रियों ने खुद को बहुत ही सौभाग्यशाली बताया। उनका कहना है कि उन्हें पहली आरती और प्रथम पूजा के दौरान बाबा बर्फानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर मौसम ने थोड़ी परीक्षा जरूर ली लेकिन भोलेनाथ की भक्ति के आगे सारी मुश्किलें आसान हो जाती है और दर्शन कर जत्थे का हर सदस्य भगवान शिव के रंग में रंग गया।

पवित्र शिवलिंग के दर्शन से मिला अद्भुत आनंद

पहले जत्थे में शामिल श्रद्धालु ने बताया कि वे सुबह करीब पांच बजे दर्शन के लिए निकले। यात्रा के दौरान तेज बारिश और घने कोहरे के कारण चढ़ाई कठिन हो रही थी लेकिन भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी बाधाएं आसान लगने लगीं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब नौ बजे जब वे पवित्र गुफा पहुंचे, तब वहां केवल सात-आठ श्रद्धालु ही मौजूद थे। भीड़ कम होने के कारण उन्हें पांच से दस मिनट तक शांतिपूर्वक पवित्र शिवलिंग के दर्शन और ध्यान का अवसर मिला। वहां का नजारा अद्भुत था, जिससे आत्मिक आनंद मिला।

सुरक्षा इंतजाम और सुविधाओं से श्रद्धालु खुश
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए दर्शन कर लौटे अधिकांश श्रद्धालुओं ने कहा कि बोर्ड हर वर्ष यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करता है। कड़े सुरक्षा इंतजामों और बेहतर सुविधाओं से श्रद्धालुओं ने संतोष जताते हुए प्रशासन और श्राइन बोर्ड के प्रयासों की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *