Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिली. धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने तुरंत विमान को वापस बेंगलुरु मोड़ दिया और एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई.
टॉयलेट में मिला धमकी भरा नोट
जानकारी के मुताबिक, शनिवार 7 नवंबर 2026 को इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E-451 बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी. विमान हवा में था, तभी क्रू मेंबर्स को वॉशरूम में एक संदिग्ध नोट पड़ा मिला. नोट में विमान को हाईजैक करने की धमकी लिखी हुई थी. नोट देखते ही क्रू ने तुरंत कॉकपिट को जानकारी दी.
पायलट ने लिया यू-टर्न
धमकी का पता चलते ही पायलट ने ATC और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया और SOP के तहत विमान को वापस बेंगलुरु लाने का फैसला किया. फ्लाइट के टर्मिनल-1 पर लैंड करते ही CISF, BDDS और एंटी-सैबोटाज टीम ने विमान को आइसोलेशन बे में ले लिया.विमान को पूरी तरह खाली कराकर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड से गहन तलाशी ली गई. सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि यह नोट किस यात्री ने और कब टॉयलेट में रखा. सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
IndiGo का बयान आया सामने
घटना पर इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा, “7 नवंबर को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही फ्लाइट 6E-451 में सिक्योरिटी थ्रेट की जानकारी मिली. तय प्रोटोकॉल के तहत हमने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया और सुरक्षा जांच के लिए विमान को बेंगलुरु वापस लाया गया.”एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है. प्रभावित यात्रियों को एयरपोर्ट पर जलपान और जरूरी सहायता दी जा रही है और उन्हें लगातार अपडेट दिया जा रहा है. सभी सुरक्षा क्लीयरेंस मिलने के बाद फ्लाइट को दोबारा लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा.फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं. गनीमत रही कि यह सिर्फ धमकी भरा नोट निकला, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.
इसे भी पढ़ें:-सीएम योगी आज वनटांगिया गांव में मनाएंगे दीपावली, करोड़ों की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात