Nagaur: दिवाली के बाद भी पटाखों का कहर थम नहीं रहा. राजस्थान के नागौर जिले के बड़ली इलाके में गुरुवार सुबह एक पटाखा गोदाम में जोरदार धमाका हो गया. धमाका इतना भीषण था कि आधा किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनी गई. इस हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों आपस में चचेरे भाई थे और नागौर शहर के बाजरवाड़ा इलाके के रहने वाले थे. बताया जा रहा है दोनों गोदाम में काम कर रहे थे. धमाके में उनके शरीर के चिथड़े उड़ गए, जो 15 फीट दूर तक बिखर गए.
शॉर्ट सर्किट से धमाका? FSL जांच में जुटी
नागौर CO जतिन जैन के मुताबिक, गोदाम के खुले आंगन में बिजली का पोल लगा है. शुरुआती जांच में आशंका है कि तारों में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी गोदाम में रखे पोटेशियम नाइट्रेट और केमिकल तक पहुंच गई और विस्फोट हो गया. FSL टीम ने मौके से पोटेशियम नाइट्रेट और अलग-अलग केमिकल के सैंपल लिए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह पता चलेगी.
लाइसेंस था, लेकिन कितना स्टॉक था?
गोदाम मालिक के पास पटाखों के भंडारण का स्थायी लाइसेंस बताया जा रहा है, लेकिन तय सीमा से ज्यादा स्टॉक तो नहीं रखा था? क्या सुरक्षा नियमों का पालन हो रहा था? प्रशासन अब इसकी जांच कर रहा है.
इसे भी पढ़ें:-हाथरस में बड़ा हादसा, घर में आग लगने से दो की मौत