Rajasthan: राजस्थान के भिवाड़ी में सोमवार (16 फरवरी) सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. जिसमें सात मजदूर जिंदा जल गए. इस दर्दनाक घटना के समय 20 से अधिक मजदूर फैक्ट्री में मौजूद थे. आग लगने के बाद कुछ लोग भागने में कामयाब रहे. लेकिन अभी भी कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका है. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल, बचाव कार्य जारी है.
कहां और कैसे हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुआ. फैक्ट्री का प्लॉट नंबर G1/118B बताया जा रहा है. सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे अज्ञात कारणों से फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल्स मौजूद थे, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है.
8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत
हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे. आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई. कई मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन अंदर फंसे मजदूरों में से 7 की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सातों शव बाहर निकाल लिए गए हैं. प्रशासन के अनुसार, अब भी एक मजदूर के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस गश्त के दौरान मिली सूचना
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को नियमित गश्त के दौरान फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग को अलर्ट किया गया और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर राहत कार्य चलाया.
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
खुशखेड़ा फायर स्टेशन और भिवाड़ी रीको से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उसे काबू में करने में करीब डेढ़ घंटे लग गए. दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया.
इसे भी पढ़ें:-बिहार में महिलाओं को मिला रोजगार का अवसर, CM नीतीश कुमार ने खाते मे ट्रांसफर किए 2500 करोड़