Rajasthan: राजस्थान के अजमेर जिले के बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. एक कार में अचानक भीषण आग लगने से जिंदा जलकर चार लोगों की मौत हो गई. पूर्व सरपंच, उनकी पत्नी और भांजी सहित तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से झुलसीं जिला परिषद सदस्य ने भी दम तोड़ दिया.
जानकारी के मुताबिक, किशनगढ़ के डोडियाना के पूर्व सरपंच व कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी की मां और जिला परिषद सदस्य पुसी देवी को सुबह करीब 5:30 बजे इलाज के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए थे. कार में उनकी पत्नी पूर्व सरपंच सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा भी सवार थीं.
श्रीरामपुरा के पास चलती कार में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई. जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई. जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन वे गंभीर रूप से झुलस गई थीं. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से कार में लगी आग पर बमुश्किल काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह कंकाल बन चुकी थी. पुलिस ने तीनों शवों को कार से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली में उग्रवादी संगठन का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद