Rajasthan: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक यात्री बस और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस भयानक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।
दरअसल, ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक बड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सीधे एक्सप्रेसवे के किनारे बनी खाई में जा गिरी और देखते ही देखते उसके पिछले हिस्से में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई है। वहीं, दो अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। कुछ यात्रियों ने सूझबूझ दिखाई और खिड़कियों-दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और मेडिकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया जिससे एंबुलेंस घटनास्थल से सीधे दौसा जिला अस्पताल पहुंचा सकी।
बस में सवार अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कई यात्री आग में झुलस गए जबकि कुछ लोगों को स्थानीय लोगों और राहत दल के लोगों ने बाहर निकाला। पुलिस इस हादसे की जांच में जुट गई है। वहीं प्रशासन मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
इसे भी पढे़ं:-त्र्यंबकेश्वर के 65 फीट गहरे अमृतकुंड में दिखा प्राचीन शिवलिंग, कई सालों बाद हुए दुर्लभ दर्शन