Ayodhya: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में PM मोदी होंगे मुख्य यजमान, पांच लाख भक्तों के आने की उम्मीद

Ayodhya: उत्‍तर प्रदेश के अयोध्‍या में राममंदिर के उद्घाटन की तैयारियां काफी तेजी से चल रही हैं। भव्य गर्भगृह में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव जनवरी 2024 में होगा। उत्सव को व्यापक स्वरूप देने की योजना पर काम चल रहा है। इसकी कमान राममंदिर ट्रस्ट के साथ संघ व विहिप ने संभाल रखी है। संघ की मानें तो महोत्सव में करीब पांच लाख लोग अयोध्या आ सकते हैं। अयोध्या आने वाले लोगों की सुविधा का विस्तृत खाका तैयार किया जा रहा है।

संघ के पदाधिकारी लगातार बैठकें कर आयोजन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। संघ की कोशिश है कि अयोध्या से कोई भी भूखा न जाए। पूरे शहर में जगह-जगह भंडारे के आयोजन की तैयारी हो रही है। संघ के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रामलला का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 10 दिवसीय होगा। उत्सव का शुभारंभ मकर संक्रांति 15 जनवरी को होगा, समापन 24 जनवरी को होना है।

इसी बीच शुभ तिथि में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है, इसके मुख्य यजमान पीएम नरेंद्र मोदी होंगे, उन्हें आमंत्रण भेजा चुका है। सुरक्षा और सुविधा के प्लान पर लगातार मंथन चल रहा है।

रामभक्तों के लिए लगेंगी रोडवेज की बसें
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में अयोध्या आने वाले लोगों के रुकने के लिए मठ-मंदिरों के अलावा स्कूल-कालेजों में भी व्यवस्था की जा सकती है। भक्तों के आवागमन के लिए रोडवेज बसों की मदद लिए जाने की योजना बनाई जा रही है। आवश्‍यकता पड़ने पर स्थानीय प्रशासन के साथ संघ के कार्यकर्ता भी भक्तों की सुविधा के लिए कमान संभालेंगे। कार्यकर्ताओं की टोलियां भी गठित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *