Haridwar: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए शनिवार का दिन जीवन का सबसे भारी दिन साबित हुआ. जिस मां की गोद में उन्होंने बचपन बिताया, जिस मां के आशीर्वाद से वो साधु से मुख्यमंत्री तक का सफर तय कर पाए, आज उसी मां को उन्होंने हमेशा के लिए विदा कर दिया. हरिद्वार में नील धारा के किनारे नमामि गंगे घाट के पास स्थित श्मशान घाट पर जब सावित्री देवी का पार्थिव शरीर पहुंचा, तो वहां मौजूद हर आंख नम हो गई. गमगीन माहौल में संतों के मंत्रोच्चार के बीच योगी के छोटे भाई महेंद्र बिष्ट ने मां को मुखाग्नि दी. उस वक्त योगी आदित्यनाथ एक बेटे के रूप में अपनी मां को आखिरी विदाई देते नजर आए.
दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
सुबह से ही खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए श्मशान घाट पहुंचने लगे. देखते ही देखते घाट पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पुलिस को कई बार सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा, ताकि अंतिम संस्कार की विधियां शांतिपूर्वक संपन्न हो सकें.
धामी रहे योगी के साथ खड़े
अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे समय योगी आदित्यनाथ के साथ खड़े दिखाई दिए. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और संवेदना व्यक्त की. इसके अलावा यूपी के उप मुख्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कई कैबिनेट मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, डीएम मयूर दीक्षित और कुंभ मेलाधिकारी सोनिका भी मौजूद रहीं.
संतों की मौजूदगी में हुआ विधान
अखाड़ा परिषद से जुड़े विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत भी अंत्येष्टि में पहुंचे. योग गुरु स्वामी रामदेव भी संतों के साथ मंत्रोच्चार करते हुए दिखाई दिए. संतों की मौजूदगी और वैदिक मंत्रों के बीच पूरा वातावरण भावुक और गमगीन बना रहा.एक मां का जाना सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का नुकसान होता है. सावित्री देवी ने एक ऐसे बेटे को जन्म दिया, जिसने अपना पूरा जीवन देश और धर्म के लिए समर्पित कर दिया. आज हरिद्वार की धरती ने उन्हें अपने आंचल में समेट लिया.
इसे भी पढ़ें:-पटना एयरपोर्ट पर दिखा पीएम मोदी और नीतीश कुमार का अलग अंदाज, गर्मजोशी से मिले दोनों नेता