योगी कैबिनेट की बैठक आज, निजी बिजनेस पार्क और सौर ऊर्जा समेत कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोकभवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है. इस बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगने की अटकलें लगाई जा रही हैं. जिसमें औद्योगिक विकास की नीतियों में नए प्रावधान, निजी कारोबार पार्क योजना, आवास, उद्योग, माध्यमिक शिक्षा, लोक निर्माण व नमामि गंगे विभाग के प्रस्ताव भी शामिल हैं. बैठक के लिए कैबिनेट के साथ सभी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, राज्यमंत्री भी बुलाए गए हैं.

क्षेत्रीय विकास और बुनियादी ढांचे की योजनाओं पर भी हो सकता है फैसला

बैठक में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे जनपद संभल में ‘इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर्स’ की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है. साथ ही, लखनऊ में प्रस्तावित ‘इंटरनेशनल एग्जीबिशन-सह-कन्वेन्शन सेंटर’ की संशोधित लागत और बुलंदशहर एवं खुर्जा विकास प्राधिकरण के विस्तार हेतु 14 नए राजस्व गांवों को शामिल करने पर भी निर्णय लिया जाएगा.

निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025′ को मंजूरी

कैबिनेट के मुख्य एजेंडे में ‘उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025’ को मंजूरी देना शामिल है. इसके अतिरिक्त, औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीतियों (2017 और 2022) के तहत गठित उच्च स्तरीय समितियों की सिफारिशों पर भी मुहर लगेगी. राज्य में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए एफडीआई और फॉर्च्यून 500 निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत प्राप्त प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी.

किसानों और पर्यटन के लिए सौगात

कृषि क्षेत्र में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं खरीद की नीति निर्धारित की जाएगी. साथ ही, लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहरों जैसे रोशन-उद-दौला और छतर मंजिल को पीपीपी मॉडल पर ‘हेरिटेज पर्यटन इकाई’ के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव भी शामिल है.

गोरखपुर में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का प्रस्ताव

प्रदेश को सौर ऊर्जा का हब बनाने की दिशा में गोरखपुर को ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने और वहां 20 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है. इसके अलावा, शोधित जल के सुरक्षित पुन: उपयोग के लिए नई नीति ‘उत्तर प्रदेश राज्य नीति (एस.आर.टी.डब्ल्यू.)-2026’ के प्रख्यापन पर भी चर्चा होगी.

इसे भी पढ़ें:-बिहार बोर्ड 12वीं कक्षा का रिजल्ट आज होगा जारी, ऐसे करें चेक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *