Uttarakhand: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों जमकर बर्फबारी हो रही है. इस वजह से केदारनाथ धाम भी बर्फ से पूरी तरह ढंक गया है. खराब मौसम और माइनस में तापमान के बावजूद, उत्तराखंड पुलिस और इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस के जवान पूरी तरह अलर्ट हैं और सुरक्षा बनाए हुए हैं. सभी मंदिर बर्फ से ढंके हुए हैं और कपाट बंद हैं. केदारनाथ मंदिर के कपाट ठीक एक महीने बाद 22 अप्रैल को खुलेंगे. वहीं, बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे. चारधाम यात्रा के लिए बुकिंग भू शुरू हो चुकी है.
3-5 फीट मोटी बर्फ की चादर
लगातार बर्फबारी के कारण पूरा धाम 3-5 फीट तक बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है. तापमान माइनस 16-17 डिग्री तक पहुंच गया. इस वजह से चारधाम यात्रा की तैयारियों पर असर पड़ रहा है. तय शेड्यूल के अनुसार डोली 19 अप्रैल को ऊखीमठ से प्रस्थान करेगी और 22 अप्रैल को विधि-विधान से केदारनाथ धाम के पट खोले जाएंगे. बर्फ हटाने और रास्ते तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है. अभी मार्च में भारी बर्फबारी हो रही है, लेकिन अप्रैल तक सब साफ होने की उम्मीद है.
ऊपरी हिमालय में ताजा हिमपात
उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों- धारचूला और मुनस्यारी में भी ताजा हिमपात दर्ज किया गया है. मुनस्यारी के खालियाटॉप और पंचाचूली की पहाड़ियां बर्फ से लदीं है. यहां बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिल रहा है. इसके अलावा धारचूला की दारमा घाटी, व्यास घाटी, ओम पर्वत, आदि कैलाश, और नारायण आश्रम में भारी बर्फबारी देखने को मिल रही है. ऊपरी इलाकों में जहां बर्फबारी ने वादियों को सफेद चादर से ढक दिया है, वहीं निचले क्षेत्रों में सुबह से हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है.
पर्यटकों की बढ़ी भीड़
ताजा हिमपात की सूचना मिलते ही पर्यटन स्थलों की ओर पर्यटकों का रुख बढ़ गया है. होटल बुकिंग बढ़ने लगी है और स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटन में और इजाफा होगा.
प्रशासन की एडवाइजरी
बदलते मौसम के चलते प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और खराब मौसम के कारण सावधानी से यात्रा करें. मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लें.
पहाड़ों में मार्च महीने की यह बर्फबारी सर्दियों को एक बार फिर लौटा लाई है. बर्फ से लदी पहाड़ियां जहां प्राकृतिक सौंदर्य का मनमोहक दृश्य पेश कर रही हैं, वहीं मौसम विभाग का अलर्ट लोगों को सतर्क रहने की याद भी दिला रहा है.
इसे भी पढ़ें:-योगी कैबिनेट की बैठक आज, निजी बिजनेस पार्क और सौर ऊर्जा समेत कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर