UP News: मुजफ्फरनगर जनपद में बुढ़ाना थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। जिसमें 50 हजार का इनामी बदमाश अमजद ढ़ेर हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली से उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल इशफाक भी घायल हुए हैं। दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। ये मुठभेड़ गुरुवार तड़के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में हुई।
गोलियों से टूटा सुबह का सन्नाटा
गुरुवार तड़के, मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना पुलिस को सूचना मिली कि शातिर अपराधी अमजद अपने साथी के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए विज्ञाना के जंगलों से गुजरने वाला है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरा देख बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमजद को गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल सीएचसी बुढाना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी
अमजद के ढेर होने के बाद उसका एक साथी अंधेरे और घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस की कई टीमें अब जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं ताकि फरार बदमाश को भी दबोचा जा सके। मुठभेड़ स्थल से पुलिस को 9 एमएम की कार्बाइन, एक पिस्तौल, स्प्लेंडर बाइक, भारी मात्रा में कारतूस, लूट के दस्तावेज और ज्वेलरी बरामद हुई है। यह सामान कई बड़ी वारदातों से जुड़ा माना जा रहा है।
लूट, हत्या, डकैती व अपहरण के 40 केस थे दर्ज
अधिकारियों के मुताबिक, मारा गया बदमाश अमजद बेहद खतरनाक श्रेणी का अपराधी था और उस पर लूट, हत्या, डकैती व अपहरण जैसे लगभग 40 गंभीर केस दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और यूपी के कई जिलों में दर्ज थे। अमजद 35–36 वर्ष का था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली में श्रमिकों और गांवों के लिए बड़ी सौगात, CM रेखा गुप्ता ने 134 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास