UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के आधिकारिक दौरे पर रवाना होंगे. मुख्यमंत्री 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर में कई बैठकों और आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिसका उद्देश्य निवेश संबंधों को मजबूत करना है. यात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण जापान की विश्व प्रसिद्ध मैग्लेव ट्रेन में उनकी टेस्ट राइड होगी. जापान की मैग्लेव ट्रेन आधुनिक ट्रांसपोर्टेशन तकनीक का एक चमत्कार मानी जाती है.
सीएम योगी जापान के हाईस्पीड ट्रेन का करेंगे सफर
मुख्यमंत्री अपनी जापान यात्रा के दौरान मैग्नेटिक लेविटेशन यानी मैग्लेव हाईस्पीड ट्रेन में 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा करेंगे जिसमें 50 किलोमीटर जाना और 50 किलोमीटर की वापसी होगी. मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की यह यात्रा केवल तकनीकी जिज्ञासा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे उत्तर प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे के विस्तार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ट्रेन का चल रहा है ट्रायल
जापान में फिलहाल यह ट्रेन ट्रायल फेज में संचालित है. टोक्यो से नागोया के बीच प्रस्तावित मैग्लेव कॉरिडोर को 2027 तक चालू करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है. इस तकनीक से यात्रा समय आधे से भी कम हो जाएगा, जो भविष्य की हाई-स्पीड रेल का एक मॉडल है. मुख्यमंत्री इस दौरान जापान की इस हाई स्पीड रेल सिस्टम से सीधे रूबरू होंगे और उत्तर प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करने की संभावनाओं का मूल्यांकन भी करेंगे.
जापान के उद्योगपतियों से भी होगी मुलाकात
यह दौरा न केवल तकनीकी अनुभव का माध्यम बनेगा, बल्कि निवेश, औद्योगिक सहयोग और स्मार्ट मोबिलिटी पर भी फोकस रहेगा. मुख्यमंत्री जापान के प्रमुख उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे. उत्तर प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट सिटी विकास और सतत परिवहन को बढ़ावा देने के लिए भारत-जापान सहयोग को नई दिशा मिल सकती है.
यूपी में निवेश लाने की मुहीम
मुख्यमंत्री की यह यात्रा उत्तर प्रदेश को वैश्विक स्तर पर एक निवेश-अनुकूल और तकनीकी रूप से उन्नत राज्य के रूप में पेश करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. राज्य सरकार का लक्ष्य है कि ऐसी विश्व स्तरीय तकनीकों से प्रेरणा लेकर प्रदेश में हाई-स्पीड और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जाए.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली में बीजेपी सरकार का कार्यकाल एक साल पूरा, सीएम रेखा गुप्ता ने मंदिर में टेका मत्था