नोएडा एयरपोर्ट के पास अपना घर बसाने का मौका, 973 प्लॉट की स्कीम लॉन्च

UP News: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने एक बार फिर आम लोगों के लिए बड़ी सौगात दी है. जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए 973 रिहायशी प्लाट की नई योजना लॉन्च की गई है. यह स्कीम खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है जो तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में निवेश करना चाहते हैं, या अपने लिए घर बनाना चाहते हैं. एयरपोर्ट फिल्म सिटी और एक्सप्रेसवे के पास होने के कारण इस योजना की मांग काफी ज्यादा रहने की संभावना है. यह स्कीम 6 मई 2026 को बंद हो जाएगा.

किन लोकेशन पर हैं ये प्लॉट

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, यह प्लॉट सेक्टर-15सी, 18 और 24ए में स्थित हैं. इन प्लॉट की अलग-अलग साइज हैं. स्कीम के तहत 162, 183, 184, 200, 223 और 290 वर्गमीटर साइज के प्लॉट के लिए ड्रॉ आयोजित किया जाएगा. यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के कब्जे वाली जमीन पर विकसित किए जाने वाले आवासीय प्लॉटों के आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. बता दें, जिस जमीन पर ये प्लॉट विकसित किए जाएंगे, उसे प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित कर लिया गया है.

उपलब्ध प्लॉट की डिटेल

प्लॉट की कीमत कितनी रखी गई है?

यीडा की इस नई आवासीय प्लॉट योजना में जमीन की दर 36,260 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है. प्राधिकरण ने साफ किया है कि अगर आवंटन पत्र जारी होने से पहले दरों में कोई बढ़ोतरी की जाती है, तो आवेदकों को संशोधित दरों के अनुसार भुगतान करना होगा. इसके अलावा, अगर भविष्य में प्राधिकरण द्वारा रेट में बदलाव किया जाता है या भूमि अधिग्रहण की लागत, मुआवजा या एक्स-ग्रेशिया राशि में कोर्ट, राज्य सरकार या प्राधिकरण के स्तर पर वृद्धि होती है, तो उसका अनुपातिक भार भी आवंटी को ही वहन करना पड़ेगा.

प्लॉट अलॉटमेंट की प्रक्रिया

प्लॉट का आवंटन ड्रॉ (लॉटरी सिस्टम) के जरिए किया जाएगा. प्रत्येक कैटेगरी के लिए अलग-अलग ड्रॉ आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे. यह योजना उन लोगों के लिए खास अवसर है जो नोएडा एयरपोर्ट के पास घर या निवेश की तलाश में हैं.

कनेक्टिविटी और सुविधाएं

यह क्षेत्र यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ा हुआ है, जिससे दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों तक पहुंचना आसान होगा. भविष्य में यहां बेहतर सड़क परिवहन और अन्य आधुनिक सुविधाओं के विकसित होने की संभावना है, जिससे यहां रहने वाले लोगों को विश्व स्तरीय जीवन शैली मिल सकेगी. साथ ही जेवर एयरपोर्ट के चालू होने और आसपास तेजी से हो रहे विकास को देखते हुए यह चित्र निवेश के लिहाज से काफी आकर्षक माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *