Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे उच्चीकृत अस्पताल से इस्टीमेट मंगवा लें, इलाज खर्च में सरकार भरपूर आर्थिक मदद करेगी. सीएम योगी ने इसको लेकर अफसरों को निर्देशित भी किया कि इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से पूरा कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए.
भाजपा के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने फहराया पार्टी का झंडा
गोरखपुर में भाजपा के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर के हिंदू सेवा आश्रम भवन पर पार्टी का झंडा फहराया. इस मौके पर उन्होंने पार्टी सहयोगियों के साथ झंडे के सामने सेल्फी ली, जिसमें गोरखपुर सांसद रवि किशन समेत अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे.
सीएम योगी ने 200 लोगों की सुनी समस्याएं
दरअसल सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी फरियाद सुनी. मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में लोगों से एक-एक करके समस्याएं सुनीं और उनको आश्वस्त करते हुए उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंप दिये. उन्होंने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा. सिद्धार्थनगर से आई महिला को भी आश्वासन देते हुए योगी ने कहा कि जल्द ही इसका पेंशन स्वीकृत कराकर मामले का निस्तारण हो जाएगा.
हर पीड़ित की समस्या का समाधान करने का आदेश
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए. इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए यदि कोई पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है तो उसे तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए. कैंसर से पीड़ित अपने परिजन के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंची एक महिला से मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चीकृत सरकारी अस्पताल में मरीज को दिखाकर इस्टीमेट मंगवा लीजिए. इलाज में पूरी मदद की जाएगी.
जरूरतमंद बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था होगी
जनता दर्शन में एक बिटिया ने कमजोर पारिवारिक आर्थिक स्थिति का जिक्र कर पढ़ाई के लिए फीस जमा करने में आ रही बाधा की बात मुख्यमंत्री को बताई. इस पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था की जाए. इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर से आई एक जरूरतमंद महिला को पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:-यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तेजी से गिरेगा पारा