UP News: शामली में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. थाना झिंझाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश फुरकान मारा गया. फुरकान कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है. इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश बना रही थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देने में सफल रहा था.
पुलिस को बुधवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि फुरकान झिंझाना क्षेत्र के गांव रंगाना के जंगल में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही फुरकान ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में फुरकान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, फुरकान के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी वसूलना और गैंगस्टर एक्ट के तहत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. बदमाश के कब्जे से एक कार्बाइन, एक पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें:-डाक विभाग में निकली ड्राइवर के पदों पर भर्ती, 10वीं पास के लिए मौका