UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 24 घंटे बाद उत्तर प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. इसके बाद 15 और 16 अक्टूबर को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश शुरू होगी, इसके बाद 16 अक्टूबर को इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई वाले जिलों और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों तक पहुंच जाएगा.16 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ में भी हल्की बारिश की संभावना है. दिल्ली-NCR, आगरा और सहारनपुर क्षेत्र में भी 15-16 अक्टूबर को बादल बरस सकते हैं.
लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, लखनऊ, अमरोहा, बदायूं, फर्रुखाबाद, कन्नौज, मैनपुरी में बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा गाजीपुर, बनारस, प्रयागराज, गोरखपुर साइड में बारिश का असर नहीं है, मौसम शुष्क ही रहेगा.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह बदलाव नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से होगा. हालांकि यह बारिश ज्यादा तेज नहीं होगी. विभाग ने फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है और बारिश का असर कुछ ही जिलों तक सीमित रहने का अनुमान है.
तापमान में भी इस दौरान हल्की गिरावट आ सकती है. राहत की बात यह है कि यह सिस्टम ज्यादा दिन नहीं टिकेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 अक्टूबर के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां थम जाएंगी और मौसम एक बार फिर शुष्क हो जाएगा.बताया गया कि पिछले 48 घंटों में पश्चिमी यूपी में जो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय था, वह अब आगे निकल गया है, इसलिए फिलहाल बारिश थमी है. अगले सिस्टम का असर 15 अक्टूबर से दिखना शुरू होगा.
इसे भी पढ़ें:-नवरात्रि की नवमी कब है, जानें सही तारीख और हवन पूजन का शुभ मुहूर्त