Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार की आधी रात के बाद एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक चलती कार आग का गोला बन गई। इस हादसे में कार चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना सफदरगंज थाना के बघौरा के पास हुई।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी घटना की सूचना
जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 1:30 बजे हुई। पूर्व प्रधान राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि आसपास के गांवों के लोगों ने रात में करीब डेढ़ बजे टायर फटने की आवाज और आग की रोशनी देखी थी। सुबह करीब 5:15 बजे ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो कार पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
इस रूप में हुई मृतक की पहचान
बता दें कि कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान कार के पंजीयन नंबर से सफदरगंज के नोहरी का पुरवा मजरे दोहरी निवासी राम वर्मा के पुत्र प्रदीप कुमार वर्मा के रूप में हुई। कार उनकी पत्नी राधापति के नाम पर पंजीकृत बताई गई है। आशंका जताई जा रही है कि कार का गेट लाक होने की वजह से चालक बाहर नहीं निकल सका।
बताया गया है कि प्रदीप ने करीब चार माह पूर्व ही कार खरीदी थी और टैक्सी में चलते थे। प्रधान की सूचना पर सुबह पुलिस और दमकल टीम पहुंची। सफदरगंज कोतवाल अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि चालक पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारणों और चालक के बाहर न निकल पाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।