Uttarakhand: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ‘शाइन अवि विजुअल लर्निंग करिकुलम लॉन्च किया इस अवसर पर उन्होंने समावेशी शिक्षा को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह हर बच्चे तक समान रूप से पहुंचे।
‘ब्रिजिंग लर्निंग गैप्स थ्रू विजुअल लर्निंग एंड अर्ली इंटरवेंशन’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में सीएम धामी ने कहा कि अपने लिए तो हर कोई काम करता है, लेकिन दूसरे के लिए खुद को समर्पित करना ही परमार्थ है। उन्होंने कहा कि शाइन अवि आटिज्म फाउंडेशन की संस्थापक अनीता शर्मा थपलियाल इसी का उदाहरण हैं। कहा कि संवेदनशील सोच, संकल्प और सकारात्मक विचार ही समाज में बदलाव के वाहक बनते हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि करीब 30 वर्ष अमेरिका में रहने के बाद अनीता शर्मा अपनी जड़ों की ओर लौटी हैं। उन्होंने अपने अनुभवों को हजारों बच्चों के बेहतर भविष्य से जोड़ने का संकल्प लिया है। यह रिवर्स पलायन का प्रेरक उदाहरण है और वह इसकी ब्रांड एंबेसडर हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल में पूरा उत्तराखंड उनके साथ खड़ा है। राज्य की पहचान ही यह है कि यहां लोग जाति, वर्ग और क्षेत्र से ऊपर उठकर अच्छे विचारों को स्वीकार करते हैं।
उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में ज्ञान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। सरकार की प्राथमिकता ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें कोई भी बच्चा पीछे न छूटे। समावेशी शिक्षा की दिशा में हो रहे प्रयास इसी सोच को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में शाइन अवि विजुअल लर्निंग करिकुलम के तहत 150 से अधिक विशेष पुस्तकें और विजुअल लर्निंग संसाधन भी लॉन्च किए गए।
ये संसाधन ऐसे बच्चों के लिए तैयार किए गए हैं, जिन्हें भाषा, संचार, सामाजिक समझ, संज्ञानात्मक विकास, शैक्षणिक तैयारी और दैनिक जीवन कौशल विकसित करने में अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता होती है।