Bihar: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शिवहर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पिपराही प्रखंड के बेलवाघाट में 130 करोड़ 88 लाख 57 हजार की लागत से निर्मित मीनापुर-बेलवाघाट लिंक चैनल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही करीब 200 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला शिवहर दौरा है।
सीएम सम्राट चौधरी आज सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से बेलवाघाट स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद सीएम ने मीनापुर-बेलवाघाट लिंक चैनल का लोकार्पण किया।
40 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने लिंक चैनल से संबंधित प्रस्तुतीकरण भी देखा। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की करीब 200 करोड़ रुपये की 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल का भी निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सीएम सम्राट चौधरी के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। बेलवाघाट के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया था. बेलवाघाट से पिपराही तक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. भीड़ प्रबंधन और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
सीएम के कार्यक्रम से एक दिन पहले समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा कर लिया था।