NCB Drug Bust: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने नेपाल, भारत और श्रीलंका के बीच संचालित एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस दौरान लगभग 10 करोड़ रुपये के अवैध ड्रग्स जब्त किए गए और 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई में 77.60 किलोग्राम हैशिश ऑयल और 2 किलोग्राम चरस बरामद की गई है. इसके अलावा दो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त की गई है.
नेपाल से भारत पहुंचाया चरस
विश्वसनीय सूचना के आधार पर 3 मार्च 2026 को एनसीबी हैदराबाद की टीम ने तेलंगाना में बेंगलुरु–हैदराबाद हाईवे पर रैकल टोल प्लाजा के पास एक टाटा सफारी स्टॉर्म कार को रोका. तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों से 2 किलोग्राम चरस बरामद हुई. इस मामले में दिल्ली निवासी एक व्यक्ति और उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह चरस और लगभग 78 किलोग्राम हैशिश ऑयल नेपाल के काठमांडू से सोनाौली भारत-नेपाल सीमा के जरिए भारत लाया गया था.
78 किलो हैशिश ऑयल बरामद
आरोपियों ने हैशिश ऑयल की खेप को तमिलनाडु के तूतीकोरिन में पहले ही पहुंचा दिया था, जहां से इसे समुद्री रास्ते से श्रीलंका भेजने की योजना थी. सूचना मिलने पर एनसीबी चेन्नई की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 78 किलोग्राम हैशिश ऑयल बरामद किया. इसके साथ ही नेटवर्क से जुड़े कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या पांच हो गई.
फिशिंग बोट भी जब्त
अधिकारियों ने बताया कि तस्करों ने थूथुकुडी तट से मछली पकड़ने वाली नाव का उपयोग करके मादक पदार्थों को समुद्र के बीच में एक श्रीलंकाई संपर्क व्यक्ति तक पहुंचाने की योजना बनाई थी. भारतीय तटरक्षक बल की मदद से, संदिग्ध नाव को अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास रोक लिया गया, जिससे ड्रग्स तस्करी को रोका जा सका.
इसे भी पढ़ें:-शनिवार के दिन करें ये आसान उपाय, जीवन में आयेगी सुख-समृद्धि