लखनऊ। यूपी में 82 फीसदी से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को कोरोना से बचाव के लिए पहली डोज दी जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने 60 साल से अधिक उम्र वाले करीब एक करोड़ 40 लाख लोग चिन्हित किए गए थे। इनका वरीयता के आधार पर टीकाकरण कराया गया है। विभाग अब इनकी दूसरी डोज पर फोकस किया जा रहा है। इसी तरह हेल्थ वर्कर और फ्रंट लाइन वर्कर में दूसरी डोज नहीं लेने वालों की नए सिरे से सूची तैयार की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्षों को पत्र लिखा गया है। प्रदेश में अब तक 4 करोड़ 67 लाख 70 हजार 451 लोगों का टीकाकरण किया गया है। इनमें 75 लाख 94 हजार 646 को दूसरी डोज दी गई है। बृहस्पतिवार को चार लाख 24 हजार का लोगों का टीकाकरण किया गया। विभाग का दावा है कि हेल्थ वर्कर व फ्रंट लाइन वर्कर में बचे हुए कर्मी वे हैं, जो एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले गए थे। हेल्थ वर्कर में ज्यादातर निजी अस्पताल के कर्मचारी हैं।