जम्मू-कश्मीर में पारा गिरने का सिलसिला है जारी

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में 21 से 23 नवंबर को बन रहे ताजा पश्चिमी के कारण उत्तरी कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके साथ मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव का असर जम्मू संभाग में भी दिखेगा। इस बीच जम्मू-कश्मीर में पारा गिरने का सिलसिला जारी है। साफ मौसम के बीच कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में सर्दी में बढ़ोतरी हुई है। लगभग सभी जिलों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री नीचे चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार रविवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। लेह और कारगिल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कारगिल में भी न्यूनतम तापमान माइनस 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विश्व विख्यात पर्यटन स्थल पहलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 3.5 और गुलमर्ग में माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में साफ मौसम के बीच दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा गिरकर 26.7 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 2.0, बटोत में 6.0, कटड़ा में 11.2 और भद्रवाह में 2.9 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *