असम में बाल विवाह के खिलाफ व्यापक मुहिम, 2044 लोग गिरफ्तार

असम। असम पुलिस ने बाल विवाह के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाते हुए 2,044 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने एक कार्यक्रम से इतर बताया कि राज्यभर में शुक्रवार सुबह से मुहिम शुरू की गई और यह अगले तीन से चार दिन तक जारी रहेगी।

राज्य मंत्रिमंडल ने 23 जनवरी को यह फैसला किया था कि बाल विवाह के दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। असम के पुलिस महानिदेशक जेपी सिंह ने कहा, पिछले 15 दिन में राज्य में 4,004 से अधिक केस दर्ज किए गए हैं।

डीजीपी के मुताबिक सीएम सरमा को बाल विवाह से संबंधित जानकारियां मिली थीं। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जांच करने और दोषियों को गिरफ्तार करने का निर्देश जारी किया था। सीएम सरमा ने राज्यव्यापी पुलिस कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह की मौजूदगी में सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने लोगों से ‘इस कुरीति से मुक्ति’ के लिए सहयोग एवं समर्थन की अपील की।

सीएम सरमा ने कहा था 14 साल से कम उम्र की लड़कियों से विवाह करने वालों के खिलाफ यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया जाएगा और 14-18 साल की लड़कियों से विवाह करने वालों के खिलाफ बाल विवाह रोकथाम अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा और विवाह को अवैध घोषित किया जाएगा। अगर लड़के की उम्र भी 14 साल से कम होगी तो उसे सुधार गृह भेजा जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *