Maharashtra: महाराष्ट्र के पुणे से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां के पुरंदर तालुका में एक मशरूम उत्पादन कंपनी के ड्रेनेज टैंक में उतरने के बाद दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब एक मजदूर टैंक की सफाई के लिए अंदर गया और वापस नहीं लौटा. टैंक के अंदर जमा जहरीली गैसों के कारण तीनों मजदूरों का दम घुट गया, जिससे वे बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई.
एक के बाद एक तीन मजदूर टैंक में उतरे
यह घटना पुरंदर तालुका के बेलसर गांव स्थित एक मशरूम कंपनी में हुई. जानकारी के मुताबिक, एक मजदूर यूनिट से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी लाइन की सफाई के लिए टैंक में उतरा था. काफी देर तक उसके बाहर न आने पर दूसरा मजदूर उसे देखने के लिए अंदर गया और उसके बाद तीसरा मजदूर मदद के लिए टैंक के अंदर गया. लेकिन वह भी बाहर नहीं आ सका.
टैंक का स्लैब तोड़कर मजदूरों को निकाला
जब तीनों मजदूर बाहर नहीं आए, तो आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया. उन्होंने अर्थमूवर की मदद से टैंक का स्लैब तोड़कर उन्हें बाहर निकाला. तीनों को जेजुरी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस जमा होने के कारण मजदूरों का दम घुट गया. जिससे वे बेहोश हो गए. इसी कारण तीनों की जान चली गई.
यूपी के रहने वाले है मृतक
मृतकों की पहचान पिंटू राजेश प्रसाद (23), व्यास सोहम कुमार (22) और गौतम रामसुरन कुशवाहा (36) के रूप में हुई है. तीनों उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे. पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:-SSC में हिंदी ट्रांसलेटर पदों पर भर्ती शुरू, जानें कौन कर सकता है अप्लाई?