Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बंगाल की धरती पर उतरे. सोमवार को हुगली में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में एससी-एसटी समाज भी टीएमसी के खिलाफ खड़ा है. सीएम योगी की सुरक्षा को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
सीएम योगी का टीएमसी पर तीखा हमला
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में ‘राम नाम’ और ‘हर हर महादेव’ की गूंज सुनाई देती है, जबकि बंगाल में टीएमसी के गुंडे जगह-जगह कब्जा करने में लगे हैं. उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद ही टीएमसी के कार्यकर्ताओं में डर पैदा हो गया है और नतीजों के बाद वे सड़कों पर पंक्चर बनाते नजर आएंगे.
टीएमसी ने बंगाल को कंगाल बना दिया-सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में गौ माता की रक्षा हो रही है और समाज को बांटने की कोशिशों पर रोक लगी है. उन्होंने 2017 से पहले के यूपी का जिक्र करते हुए कहा कि तब गुंडागर्दी और दंगे आम थे, लेकिन अब पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं. ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ‘राम’ के नारे से उन्हें परेशानी होती है और पिछले 15 साल में टीएमसी ने बंगाल को कंगाल बना दिया है.
CM ने आरोप लगाया कि बंगाल में सनातन परंपराओं की खुलकर बात नहीं होती, सड़कों पर नमाज होती है, जबकि दुर्गा विसर्जन पर पाबंदी लगाई जाती है. उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन टीएमसी इस पर मौन है.
दूसरे चरण के लिए योगी फैक्टर कितना अहम?
29 अप्रैल को होने वाले मतदान में उत्तर 24 परगना, नदिया और हुगली की कई सीटें शामिल हैं. भाजपा ने इन क्षेत्रों में योगी आदित्यनाथ को उतारकर एक स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है. योगी अपने भाषणों में ‘यूपी मॉडल’ का जिक्र करते हुए बंगाल में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को मुद्दा बनाते रहे हैं.
इसे भी पढ़ें :-ड्रेनेज टैंक बना मौत का काल, सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत