Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक बार फिर भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. संगम नगरी प्रयागराज के सिविल लाइन्स इलाके स्थित बिट्ठल होटल में अचानक आग लग गई, जिसमें करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के फंसे होने की सूचना है. होटल से उठती आग की ऊंची लपटें और आसमान में फैलता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया.
आग लगने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटा हुआ है. फिलहाल सीएफओ चंद्र मोहन शर्मा पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और फायर ब्रिगेड की टीमों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द आग पर काबू पाया जा सके और किसी बड़े नुकसान को रोका जा सके.
दमकल विभाग के अनुसार 18 मई को दोपहर 1:38 बजे विट्ठल होटल, सुभाष चौराहा के पास आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद CFO प्रयागराज के निर्देशन में FSO सिविल लाइंस और फायरकर्मियों की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. होटल सिविल लाइंस के व्यस्त इलाके में स्थित है, जहां आसपास कई महत्वपूर्ण कार्यालय और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मौजूद हैं.
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और दमकल विभाग आग पर काबू पाने में जुटा हुआ है.