TB Free India Campaign: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए अंडमान एवं निकोबार प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. उपराज्यपाल प्रो. (डॉ.) दिनेश शर्मा ने बुधवार को विजयपुरम स्थित लोक निवास से ‘टीबी मुक्त भारत’ विशेष पहल का शुभारंभ किया.इस दौरान LG ने लोक निवास सभागार में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को टीबी मुक्त भारत बनाने और स्वास्थ्य जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने की शपथ दिलाई.
कर्मचारियों की स्क्रीनिंग से हुई शुरुआत
LG दिनेश शर्मा ने X पर जानकारी देते हुए बताया कि PM के आह्वान पर यह पहल शुरू की गई है. अभियान की शुरुआत में ही स्वास्थ्य विभाग ने लोक निवास के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यापक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की, जिससे इस द्वीपव्यापी अभियान को रफ्तार मिली. डॉ. शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य तय समय में देश को टीबी से पूरी तरह मुक्त कराना है. इसके लिए शुरुआती स्तर पर पहचान, तुरंत जांच और समय पर नियमित इलाज सबसे जरूरी है.
बेहतर हो हर नागरिक का स्वास्थ्य
समारोह में आयुक्त-सह-सचिव (स्वास्थ्य), सचिव (स्वास्थ्य), LG सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी और लोक निवास के सभी कर्मचारी मौजूद रहे. उपराज्यपाल ने निर्देश दिया कि यह अभियान सिर्फ दफ्तरों तक सीमित न रहे, बल्कि सुदूर द्वीपों के हर गांव तक पहुंचे ताकि हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
इसे भी पढ़ें:-दिवाली से पहले LPG सिलेंडर सस्ता या महंगा? दिल्ली से पटना तक जानें आज का लेटेस्ट रेट