Ayodhya: अयोध्या स्थित विश्वप्रसिद्ध राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कई जिम्मेदार अधिकारियों ने इस्तीफा दिया. अब ट्रस्ट के लिए CEO की नियुक्ति की जानी है जिसके लिए देशभर से आवेदन मांगे गए हैं. इसके लिए अब उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने भी अप्लाई किया है.
पूर्व भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा विज्ञापित मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए औपचारिक रूप से आवेदन प्रस्तुत किया है. अपने आवेदन में उन्होंने पुलिस सेवा और लोक प्रशासन के क्षेत्र में लगभग तीन दशक के अनुभव को अपनी प्रमुख योग्यता बताते हुए चयन प्रक्रिया में शामिल किए जाने का अनुरोध किया है.
आवेदन में अमिताभ ठाकुर ने खुद को हिन्दू सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से संबद्ध बताते हुए भारतीय धार्मिक एवं दार्शनिक परम्पराओं तथा भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति अतीव सम्मान होने की बात कही है. उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव, योग्यता और पारदर्शिता के क्षेत्र में कार्यों के आधार पर उनकी अभ्यर्थिता पर विचार करते हुए चयन प्रक्रिया में सम्मिलित किये जाने का अनुरोध किया है.
इसे भी पढ़ें:-SSB ने नेपाल बॉर्डर से पकड़ा अमेरिकी नागरिक, आरोपी का दावा- थाईलैंड में खोया पासपोर्ट