आत्मा के बाहर निकलते ही जड़ हो जाता है शरीर: पंकज जी महाराज

Ghazipur: सन्त पंकज जी महाराज ने अपने 83 दिवसीय यात्रा का पड़ाव गाजीपुर के जमानिया ब्लाक के ग्राम जीवपुर में किया। आज यहां आयोजित सत्संग सभा में अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि यह आपको मिला मानव शरीर, किराये का मकान है। अगर आपका होता तो हमेशा आपके साथ रहता फिर भी इसी से सम्बन्धित चीजों को जुटाने में आप अपना पूरा जीवन बिता देते हैं। ईमानदारी से या चोरी, बेईमानी से जो भी जुटाते हो उसे अन्त में यहीं छोड़ कर जाना है।

इस शरीर से आत्मा के बाहर निकलते ही यह जड़ हो जाता है उसके लिये कभी कुछ नहीं किया। यह जन्म-जन्मान्तरों से भूखी है। इसका भोजन शब्द है जो भजन से मिलेगा। इसका रास्ता केवल ऐसे सन्त महात्मा से मिलेगा जो ‘‘सुरत शब्द नाम योग’’ की साधना से प्रभु को पा लिया हो। महाराज जी ने कलयुग की सरल साधना सुमिरन, ध्यान, भजन कैसे करना है, विस्तार से बताते हुए कहा कि इसे बिना नागा करना चाहिये। भजन, ढोल, मंजीरा या गाना बजाना, कथा कीर्तन को नहीं कहते। बाहरी दोनों कानों को बन्द करके प्रभु के यहां से आ रही आवाज को जिसे आकाशवाणी, अनहदवाणी कहते हैं, को जीवात्मा के कान से सुनने को भजन कहते हैं।

इससे जीवात्मा को ताकत मिलेगी, वह शब्द की डोर पकड़ कर ऊपरी लोकों का भ्रमण कर के पल भर में वापस आ जायेगी। अन्त समय में बिना किसी कष्ट के शरीर से निकल कर अपने घर पहुंच जायेगी। इसके लिये आवश्यक है कि आप शाकाहारी-सदाचारी बनें, शराब जैसे मादक पदार्थों का सेवन न करें। अच्छे समाज के निर्माण में भागीदार बनें। 

आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम मथुरा में आयोजित होने वाले होली सत्संग मेले में आने के लिये सभी को आमंत्रित किया। सबके सुखद भविष्य की मंगलकामना किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर जंगबहादुर सिंह यादव, डा. सत्य नारायण दुबे, उदयनारायण, रामाश्रय यादव, राम अवध यादव, सहयोगी संगत रायबरेली के सतीश सिंह, नरेन्द्र कुमार आदि अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम मलसा के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोप. 12 बजे से सत्संग कार्यक्रम होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *