यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तेजी से गिरेगा पारा

Weather News: देशभर में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है. कहीं बादल छाए हैं, कहीं तेज हवाएं चल रही हैं और कई इलाकों में अचानक बारिश हो रही है. कुछ जगहों पर ओले गिर रहे हैं, तो कहीं बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभों के एक के बाद एक सक्रिय होने की संभावना है. जिसका असर 7 और 8 अप्रैल को सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. इस दौरान मौसम विभाग ने 12 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली में आज कैसा रहा मौसम?

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.3 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 1.3 डिग्री कम था. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान 34 और 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

यूपी में अगले 2-3 दिन मौसम कैसा रहेगा?

 दो पश्चिमी विक्षोभों के एक साथ सक्रिय होने के कारण मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा. IMD के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश, 8-9 अप्रैल को पूर्वी यूपी में बारिश हो सकती है. इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.

बिहार में 7 से 9 अप्रैल को बिगड़ा रहेगा मौसम

बिहार में भी मौसम की मार झेलनी पड़ सकती है. बिहार में अगले दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है.

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी 

रविवार को हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई. मौसम विभाग ने सात और आठ अप्रैल को राज्य में चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम (6-8 अप्रैल)

उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम विभाग ने आज राज्य में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है. IMD ने 72 घंटे तक तेज हवाओं के साथ बारिश-गरज की संभावना जताई है. इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है.

इसे भी पढ़ें:-सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री का संगठित रैकेट ध्वस्त, 70 लाख की खेप के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *