लखनऊ। लखनऊ में स्टेट फोरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास करने आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव-2022 का बिगुल फूंक दिया। गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि साढ़े चार साल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में यूपी विकास और कानून व्यवस्था में देश में नंबर बन गया है। यूपी में सरकार बनाने का सपना देख रहे विपक्षी दलों को करारी हार का मन बना लेना चाहिए। यहां 2017 की तरह प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। वर्ष 2017 में जनता से किए वादे पूरे कर फिर से जनता का आशीर्वाद लेने आया हूं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि विकास और परिवर्तन की गति को जारी रखने के लिए फिर से कमल की सरकार बनाएं। यूपी में सरकार बनाने का सपना देख रहे लोगों के कानों तक भारत माता की जय की गूंज जानी चाहिए, के उद्घोष के साथ शाह ने विपक्ष पर करारा हमला बोला। कहा, वर्ष 2013 से 2019 तक यूपी का चप्पा चप्पा देखा है। पहले पश्चिम में लोग भय के कारण पलायन कर रहे थे, वहीं महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं। भू-माफिया गरीबों और सरकार की जमीन पर कब्जा करते थे और दिन दहाड़े गोलियां चलती थीं। यूपी की छवि दंगा ग्रस्त प्रदेश की थी। वर्ष 2017 में भाजपा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था दुरुस्त कर विकसित प्रदेश बनाने का वादा किया। सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में हर क्षेत्र में तरक्की दिख रही है। बदलाव धरातल पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि योगी और उनकी टीम ने यूपी की छवि बदलकर कानून-व्यवस्था की दृष्टि से देश में सबसे आगे लाने का काम किया है।
शाह ने कहा कि भाजपा की सरकारें किसी जाति, परिवार या नजदीकी लोगों, बिल्डर या धनी लोगों के आधार पर काम नहीं करतीं, बल्कि सबसे गरीब व्यक्ति के विकास और कानून व्यवस्था ठीक करने के लिए काम करती हैं। इसी परिवर्तन के लिए यूपी की जनता ने 300 से ज्यादा सीटें देकर भाजपा को शासन का मौका दिया था। भाजपा सरकार ने अपना वादा पूरा काफी आगे बढ़ रही है।