गाजीपुर। यदि आपको यह जानना है कि आवागमन की परेशानी किसे कहते है, तो नगर से सटे नंदपुरम कालोनी में चले जाइए। कालोनी के मुख्य गेट पर ही जल-जमाव देख आप इस सोच में पड़ जाएंगे कि कैसे कालोनी में जाए। कालोनी का मुख्य मार्ग बारिश के पानी से झील के रूप में तब्दील हाक गया है। वर्षों से इस विकट समस्या से जूझ रहे कालोनीवासी नारकीय जीवन जीने को विवश है। ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से लोगों के द्वारा बार-बार गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे निराशा के बीच कालोनीवासियों का आक्रोशित गहराता जा रहा है। लोगों का गुस्सा कभी भी सड़क पर दिख सकता है। बता दे कि नगर से सटे नंदपुरम कालोनी अकलपुरा में करीब दो सौ मकानों में हजारों लोग रहते है। इस कालोनी में पानी निकासी का इंतजाम नहीं है। इसकी वजह से कालोनी के मुख्य मार्ग सहित अन्य मार्गों पर हर समय पानी लगा रहता है। बारिश होने पर जल-जमाव का दायरा और भी बढ़ जाता है। इस दौरान मार्ग पर सिर्फ पानी ही दिखाई देता है। ऐसे में आवागमन करने वालों की मुश्किलें बढ़ जाती है। उन्हें गंदे पानी के बीच हो कर आने-जाने को विवश होना पड़ता है। कालोनी निवासी नवनीत सिंह टीटी, काशीनाथ तिवारी, सुरेश यादव, विनोद यादव, हर्ष राय, नदंलाल यादव, सिंहासन राजभर, प्रकाश सिंह आदि ने बताया कि कालोनी में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से वर्षों से जल-जमाव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पानी के बीच से लोगों का आवागमन हो रहा है। इस दौरान मन में इस बात का भी भय बना रहता है कि कही पानी के अंदर मौजूद कोई जहरीला जंतू न काट लें। लोगों ने बताया की समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित ग्राम प्रधान के साथ ही जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। बावजूद इसके आज तक समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस तरफ आकृष्ट कराते हुए समस्या के समाधान की गुहार लगाई है, जिससे राहत मिल सके। इस संबंध में ग्राम प्रधान जोगी यादव ने बताया कि यह समस्या मेरे संज्ञान में है। रेल पटरी निर्माण की वजह से नाला बंद है। इससे पानी निकासी ठप है। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।