लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि महापुरुषों ने जिस संकल्प को लेकर भारत को आजादी दिलाई, क्या वो पूरा हो पाया, सोचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग जाति और भाषा के लोग हैं। भारत की पहचान को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। इसे बचाने के लिए समाजवादियों को संकल्प लेना होगा। समाजवादियों को यह भी संकल्प लेना होगा कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के बीच प्यार मोहब्बत बनी रहे। कुछ लोग पुरानी बातों में लोगों को उलझा कर षड्यंत्र रच रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहना होगा। किसानों की हालत बुरी है। किसान और खेती बर्बाद हो रही है, इसे बचाना होगा। कोविड के समय हुई अव्यवस्था से हम सभी वाकिफ हैं। इसकी वजह से सैकड़ों लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। इस पर हम सभी को सोचना होगा। भाजपा सरकार दूसरे मुद्दों पर लोगों को भटका रही है। हम लोगों का संकल्प लेना होगा कि बिना किसी भटकाव के देश के बदलाव के लिए नई सरकार चुनें। जो लोग सत्ता में हैं। उन्होंने कोई वादा पूरा नहीं किया है। संविधान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पिछड़ों दलितों और अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर कुचक्र रचा जा रहा है। जातिगत गणना के लिए बार-बार मांग की जा रही है लेकिन सरकार में बैठे लोग इस पर सहमत नहीं है। इसे बचाने के लिए एकमत होकर मतदान करना होगा। देश की सबसे बड़ी आजादी की जनगणना हर हाल में कराई जानी चाहिए। उन्होंने मुलायम सिंह यादव का समारोह में आने के लिए स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने जिस संकल्प को लेकर पार्टी शुरुआत की उसे हम सभी मिलकर पूरा करेंगे।