स्वाबलंबी होंगी महिलाएं तो समाज बनेगा सशक्त: सीएम योगी

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये वाराणसी की संतोषी मां स्वयं सहायता समूह की सचिव गीता देवी से वार्ता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजीविका मिशन से लाखों महिलाएं स्वावलंबी व आर्थिक रूप से सशक्त हुईं। उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। परिवार व समाज में उनका सम्मान बढ़ा है। महिला सशक्तीकरण की दिशा में अच्छा कार्य है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वाराणसी के 373 महिला स्वयं सहायता समूह को 55.95 लाख रुपए रिवाल्विंग फंड के उनके खातों में ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री योगी ने गीता देवी से पूछा कैसा कार्य चल रहा है। कैसा लाभ होता है। कैसे पावर लूम चलाती हैं? गीता देवी ने बताया कि समूह से जुड़ने से पहले घरेलू महिला थी। पति सूरत में काम करते थे। काफी परेशानी थी। 2016 में महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी। समूह से ऋ ण लेकर पावर लूम लगाया। अराजीलाइन ब्लाक के बेनीपुर गांव की गीता ने बताया कि तीन पावर लूम हैं। पति भी सूरत से कार्य छोड़ कर घर पर पावर लूम चलवाते हैं। घर के अन्य सदस्य गीता के देवर, ससुर भी पावर लूम चलाने में हाथ बंटाते हैं। गीता ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव की अन्य महिलाएं भी जुड़ गई हैं और गांव की 60 महिलाएं पावर लूम चलाती हैं। प्रतिमाह औसतन 15 हजार रूपये की आय हो रही है। मुख्यमंत्री ने गीता को संबोधित करते हुए कहा कि आप बहुत बड़ा और अच्छा काम कर रही हैं। घर की मालकिन बन गई हैं। गांव की अन्य महिलाओं को जोड़कर बहुत बड़ा और अच्छा काम किया है। मुख्यमंत्री योगी ने गीता को दूसरों के लिए प्रेरणादायी बताया। इस दौरान डीएम कौशल राज शर्मा मौजूद रहे। महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं संगीता, रीना, इंदू, नीतू, नीलम, सानिया, गीता, सुषमा, बंदना, फरीदा, कुमुद रानी, मीना, आरती व कविता सहित उपायुक्त स्वरोजगार दिलीप कुमार सोनकर, जिला मिशन प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *