BJP प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- कई पार्टियों ने संवैधानिक पदों पर बैठकर भ्रष्टाचार को मान लिया अपना अधिकार

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विपक्ष के सात अन्य दलों के नेताओं ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी। इसमें केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए। इस पर अब भाजपा ने पलटवार किया है।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आरोप लगाने वाली वह पार्टियां हैं, जिन्होंने संवैधानिक पदों पर बैठकर भ्रष्टाचार को अपना अधिकार मान लिया। आज उस अधिकार से उपजा हुआ अहंकार इस सीमा तक पहुंच गया है कि वो जांच से भी इनकार कर रहे हैं। दुखद है कि जांच एजेंसियों और देश की व्यवस्थाओं को धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्‍होने कहा कि आज हम उस पार्टी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से निपट रहे हैं, जिसने भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से अपनी यात्रा शुरू की थी। आम आदमी पार्टी के सदस्यों का कहना था कि भ्रष्टाचार के आरोपों के मामले में इस्तीफा देना पहला कदम होना चाहिए, बाद में जांच की जानी चाहिए और आज वे जांच एजेंसियों को नकार रहे हैं। उन पर आरोप लगा रहे हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि लोकमान्य तिलक ने स्वराज की क्रांति शुरू की थी, लेकिन उन्होंने यह नहीं सोचा होगा कि भविष्य में ऐसी पार्टियां होंगी, जो कहेंगी कि भ्रष्टाचार उनका सत्तासिद्ध अधिकार है। उन्हें लगता है कि भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच से बचना उनका अधिकार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *