भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज से…

हिमाचल प्रदेश। हाल ही में मंडी लोकसभा सीट के अलावा अर्की, फतेहपुर और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा की करारी हार पर आज से शिमला में मंथन शुरू होगा। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश भाजपा के नेताओं से जवाब तलब किया है। बैठक में मंत्रणा के बाद इस संबंध में रिपोर्ट तैयार की जाएगी। बैठक के बाद जो रिपोर्ट भाजपा हाईकमान को दी जाएगी, उसी पर विचार कर केंद्रीय नेतृत्व अगली करवाई करेगा। माना जा रहा है कि सरकार और संगठन के स्तर पर बड़े बदलाव हो सकते हैं। दोनों स्तर पर कई चेहरों को बदला जा सकता है। कुछ मंत्रियों की कुर्सियां भी संकट में मानी जा रही हैं। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार से राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में शुरू होगी। तीन दिन चलने वाली इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह प्रदेश के सभी प्रमुख भाजपा नेताओं की क्लास लेंगे। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *