Census 2027: देश में आज से जनगणना का पहला चरण आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है. यह आजादी के बाद की 8वीं जनगणना है. आज से लेकर 30 सितंबर 2026 के बीच अलग-अलग राज्यों में जनगणनाकर्मी आपके दरवाजे पर दस्तक देंगे. लेकिन इस बार खास बात यह है कि आपको जनगणनाकर्मी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है, आप खुद भी अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं.
बता दें कि यह काम साल 2021 में ही हो जाना चाहिए था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसमें देरी हुई. अब सरकार इसे नए कलेवर और नई तकनीक के साथ ‘डिजिटल जनगणना’ के रूप में पेश कर रही है. पहले चरण की जनगणना में 33 सवालों के सेट से मकान और परिवार की जानकारी ली जाएगी. पहली बार डिजिटल जनगणना होगी जिसमें वेब पोर्टल के जरिये सेल्फ-एन्युमरेशन का ऑप्शन होगा. सर्वे से पहले लोग अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवा सकेंगे.
कैसे होगी इस बार की जनगणना?
- जनगणनाकर्मी भवन संख्या (नगरपालिका या स्थानीय प्राधिकरण या जनगणना संख्या), जनगणना मकान संख्या और फर्श, दीवारों और छत के निर्माण में प्रयुक्त मुख्य सामग्री जैसी जानकारी एकत्र करेंगे. वे मकान के उपयोग और स्थिति का भी रिकॉर्ड रखेंगे और उसे एक गृह संख्या आवंटित करेंगे.
- जनगणना अधिकारी घर में रहने वाले कुल लोगों की संख्या, घर के मुखिया का नाम और लिंग, मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य किसी श्रेणी से संबंधित है या नहीं, घर का मालिकाना हक, रहने के कमरों की संख्या और घर में विवाहित जोड़ों की संख्या के बारे में भी जानकारी जुटाएंगे.
- जनगणना अधिकारी पीने के पानी के मुख्य स्रोत और उपलब्धता, प्रकाश के स्रोत, शौचालय की सुविधा और प्रकार, अपशिष्ट जल निकासी, स्नान और रसोई सुविधाओं की उपलब्धता, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन और खाना पकाने के मुख्य ईंधन सहित सुविधाओं और संपत्तियों के बारे में भी जानकारी एकत्र करेंगे.
- रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट, लैपटॉप/कंप्यूटर, टेलीफोन/मोबाइल/स्मार्टफोन, साइकिल/स्कूटर/मोटरसाइकिल/मोपेड और कार/जीप/वैन जैसी वस्तुओं के स्वामित्व से संबंधित डेटा, मुख्य रूप से उपभोग किए जाने वाले अनाज और जनगणना संबंधी संचार के लिए एक मोबाइल नंबर के साथ एकत्र किया जाएगा.
- नागरिक अपने संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में गृह गणना शुरू होने से पहले 15 दिनों की अवधि के दौरान 16 भाषाओं में स्व-गणना के माध्यम से जानकारी दे सकते हैं. उदाहरण के लिए, एनडीएमसी और दिल्ली छावनी में, जहां गृह गणना 16 अप्रैल से 15 मई तक निर्धारित है, स्व-गणना 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी.
- स्व-गणना करने के लिए, परिवार का मुखिया या कोई भी सदस्य आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर और अन्य बुनियादी विवरणों का उपयोग करके पंजीकरण कर सकता है, जिले का चयन कर सकता है, मानचित्र पर घर का स्थान चिह्नित कर सकता है और अपनी सुविधानुसार जानकारी जमा कर सकता है.
- 16 अंकों की एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी जनरेट की जाएगी, जिसे सत्यापन के लिए फील्ड विजिट के दौरान गणनाकर्ता के साथ साझा करना अनिवार्य होगा.
- नागरिक सत्यापन फील्ड विजिट के दौरान सुधार कर सकते हैं, इस विकल्प से काफी समय की बचत होगी. व्यक्तिगत डेटा गोपनीय रहेगा और इसका उपयोग अदालतों में या सरकारी लाभ प्राप्त करने के लिए नहीं किया जा सकता है.
कैसे करें ऑनलाइन एंट्री?
सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाएं. अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करें. पोर्टल पर मौजूद नक्शे पर अपने घर की लोकेशन मार्क करें. परिवार की पूरी जानकारी भरें और सबमिट कर दें. सबमिट करते ही आपको 16 अंकों की एक सेल्फ-एन्युमरेशन आईडी (SE ID) मिलेगी.
इसे भी पढ़ें:-UP-Bihar समेत 19 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं