मौसम का बदला मिजाज, गलन बरकरार

लखनऊ। कैलेंडर बदलते ही मौसम ने ऐसा रूप दिखाया कि इंसानों से लेकर जानवरों तक को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जिलों में मौसम के तीखे तेवर बरकरार हैं। इस गलन भरी ठंड से गरीबों, मरीजों व बुजुर्गों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। उत्तर पश्चिमी नम हवाओं के चलने के बाद अब शीतलहर शुरू होने से गलन पहले से ज्यादा बढ़ गई।

इसके एक दिन पहले नए वर्ष के पहले दिन भी सुबह घने कोहरे के साथ हुई। सुबह 5.30 से 8.30 बजे तक दृश्यता 100 मीटर रही। दोपहर 12 बजे के करीब हल्की धूप निकली, लेकिन दिनभर कोहरे का असर रहा। इससे गलन बरकरार रही। दिन के तापमान में विशेष अंतर नहीं रहा, लेकिन रात के पारे में बढ़ोतरी दर्ज हुई।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, दो-तीन दिन में तेज और शुष्क हवाएं सर्दी के तेवर को और तीखा कर सकती हैं। आने वाले समय में लोग हाड़ कंपाने वाली ठंड के लिए तैयार रहें। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिन का तापमान 18 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। दिन में ज्यादातर समय धूप न होने से गलन ने लोगों को परेशान किया। न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के 9.3 के मुकाबले 12 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक रहा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में कोल्ड डे कंडीशन के आसार नजर आ रहे हैं। घना कोहरा बना रहेगा। सोमवार के बाद पारा गिरेगा और तेज और शुष्क हवाओं के कारण चुभने वाली ठंड बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *