पूर्व केंद्रीय मंत्री भाजपा में हुए शामिल…

नयी दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरपीएन सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। कांग्रेस से इस्तीफा के बाद आरपीएन सिंह ने कहा कि बीजेपी में शामिल होना उनके लिए एक नयी शुरुआत है। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए तत्पर हूं। वरिष्ठ नेता आरपीएन सिंह ने भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इससे पहले आरपीएन सिंह ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जारी प्रचार अभियान के बीच आरपीएन सिंह का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस को बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की मंत्रिपरिषद के सदस्य रहे आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़ने की अटकलें पिछले कुछ समय से लगाई जा रही थी। वह कांग्रेस में अलग-थलग महसूस कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *