हिमाचल में बर्फबारी होने से 34 संपर्क मार्ग और तीन एनएच अभी भी है बंद

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश में दो दिन बारिश-बर्फबारी के बाद मंगलवार की सुबह से मौसम खुल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 23 अक्टूबर तक कुछ भागों को छोड़कर अन्यों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। मनाली-लेह, काजा-ग्रांफू, किन्नौर में एनएच पांच और 34 संपर्क मार्ग अभी भी बाधित चल रहे हैं। उधर जनजातीय जिला किन्नौर में दो दिन की बर्फबारी से सेब और अन्य नकदी फसलों को करोड़ों की क्षति हुई है। सेब की फसल झड़ गई है। साथ ही कई पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं, जबकि अधिकतर की टहनियां टूट गई हैं। बर्फबारी से रक्षम, खरोगला, बटसेरी, थेमगारंग, पानपो, सांगला, कामरू, ठंगी, कानम, लाबरंग, नेसंग, पूह रिजींग कंडा, रोपावैली, ज्ञाबुंग, हांगो और चुलिंग सहित अधिकांश ऊंचे क्षेत्रों में सेब सहित नकदी फसलों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। बर्फबारी के चलते सेब तुड़ान का कार्य भी प्रभावित हुआ है। अभी तक जिले से 16 लाख 49 हजार सेब की पेटियां ही देश की विभिन्न मंडियों में पहुंच पाई है। जिले से अभी भी करीब 10 लाख पेटियां सेब मंडियों में भेजा जाना है। मौसम साफ रहने से किसानों को धान की कटाई करने का मौका मिल पाएगा। 22 और 23 अक्टूबर को मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश की संभावना है। वहीं चीन से सटे समदो में तैनात भारतीय सेना ने भारी बर्फबारी और बारिश के कारण फंसे 205 लोगों को अपने कैंप में रेस्क्यू किया। यह सभी लोग पूह से काजा मार्ग पर सोमवार शाम को फंसे हुए थे। सेना ने लोगों को खाने और मेडिकल कैंप की सुविधा दी। कर्नल नितिन मित्तल डोगरा स्काउट ने बताया कि हमारे पास कुल 205 लोग थे जिन्हें रात भर ठहराया गया था। मार्ग खराब होने के चलते इन्हें आगे जाने से मना किया था। कई लोगों की अपने-अपने परिजनों से वायरलेस से बातचीत भी करवाई। उधर हामटा ट्रैक रूट में फंसे ट्रैकरों को भी सुरक्षित निकाल लिया है। लाहौल में बिजली आपूर्ति को 21 घंटे बाद बहाल कर दिया है। मनाली-लेह मार्ग और ग्रांफू-काजा सड़क अभी बंद हैं। दोनों हाईवे को खोलने का काम बीआरओ ने शुरू कर दिया है। एसडीएम काजा महेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को समदो-काजा मार्ग का निरीक्षण किया। मार्ग कई जगह देर रात से बंद है। समदो में फंसे यात्रियों को रिकांगपिओ से भेजा है। ताबो स्थित होम स्टे के संचालकों को पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी रोहित मृग पुरी और नायब तहसीलदार विद्या सिंह नेगी भी मौजूद रहे। उधर स्पीति व मनाली के ट्रैक रूट पर फंसे सभी ट्रैकरों को भी सुरक्षित रवाना कर दिया है। लाहौल के घेपन पीक की ट्रैकिंग पर गए गाजियाबाद निवासी सलील को रेस्क्यू कर लिया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि मौसम खुल गया है। मनाली-लेह मार्ग व ग्रांफू-काजा मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। बिजली बहाली के साथ लाहौल के अंदरूनी हिस्सों में बस सेवा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *