भारत में टोयोटा मोटर लॉन्च करेगी एमपीवी कार

नई दिल्ली। टोयोटा मोटर ने भारत में Maruti Suzuki Ertiga (मारुति सुजुकी अर्टिगा) पर आधारित Toyota Rumion (टोयोटा रुमियन) एमपीवी कार के लिए एक ट्रेडमार्क के लिए आवेदन किया है। इससे यह संकेत मिलता है कि वाहन निर्माता जल्द ही देश में एक एमपीवी (मल्टी पर्पस व्हीकल) लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी Toyota Rumion नाम से ही अपनी नई कार को भारतीय बाजार में उतारेगी। यह वाहन टोयोटा ब्रांड के तहत बेचा जाने वाला मारुति सुजुकी का तीसरा रीबैज्ड मॉडल होगा। हाल ही में इस वाहन को दक्षिण अफ्रीका में लॉन्च किया गया है। मारुति-टोयोटा के बीच समझौता:- हालांकि टोयोटा ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है कि वह भारत में अर्टिगा-आधारित रुमियन एमपीवी लॉन्च करेगी। लेकिन ट्रेडमार्क दाखिल करने से यह संभावना है कि कंपनी इसे लॉन्च करने की योजना बनी रही है। खास बात यह है कि दक्षिण अफ्रीका में बेची जा रही Rumion MPV को भारत में बनाया जा रहा है। टोयोटा और मारुति के बीच एक समझौते के तहत दक्षिण अफ्रीका में भारत निर्मित सुजुकी मॉडल की आपूर्ति की जा रही है। कैसी दिखती है रूमियन:- Toyota Rumion भारतीय बाजार में बिकने वाली Maruti Ertiga MPV जैसी दिखती है। इसमें एक फ्रंट ग्रिल है जो इसके एंगुलर हेलोजन हेडलाइट्स और फ्रंट फॉग लैंप तक फैली हुई है। इसमें दिए गए ए-पिलर्स झुके हुए हैं और इस स्पेसियस वाहन की अपनी पहचान को बढ़ाने के लिए इसमें एक लंबी रूफलाइन मिलती है। इंजन और पावर:- Rumion में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है। इसमें 1.5-लीटर 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसका इस्तेमाल Ertiga में भी किया जाता है। यह इंजन 6,000 rpm पर 77 kW का पावर और 4,400 rpm पर 138 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल या 4-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। टोयोटा मारुति की इन कारों को बेचती है:- Toyota Rumion के जल्द ही भारतीय बाजार में आने की उम्मीद है। इसके अलावा Toyota भारतीय बाजार में Maruti Suzuki मॉडल के दो अन्य रीबैज्ड वर्जन की बिक्री करती है। इनमें Maruti Baleno (मारुति बलेनो) पर आधारित Glanza (ग्लैंजा) और Maruti Vitara Brezza (मारुति विटारा ब्रेजा) पर आधारित Urban Cruiser (अर्बन क्रूजर) शामिल हैं। जल्द आएगी बेल्टा:- इसके अलावा, टोयोटा जल्द ही Belta (बेल्टा) को भी लॉन्च करने की तैयारी में है, जो देश में Maruti Ciaz (मारुति सियाज) का एक री-बैज वर्जन होगा। टोयोटा इस कार को अपनी बंद हो चुकी टोयोटा यारिस सेडान के रिप्लेसमेंट के तौर पर ला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *