कश्मीर में कई स्थानों पर शून्य से नीचे पहुंचा तापमान …

नई दिल्ली। देश के दक्षिणी हिस्से में सोमवार को भारी बारिश हुई। इसके कारण केरल में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि संपत्ति का भारी नुकसान हुआ। कन्नूर और त्रिशूर जिलों में एक-एक बच्चे और एर्नाकुलम में एक ड्राइवर की मिट्टी ढहने से मौत हुई। उधर कश्मीर में कई स्थानों पर रात का तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल के गंगटोक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराइकल में भी भारी बारिश हुई। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) कुछ और खराब हुआ। शाम 4 बजे एक्यूआई 353 दर्ज हुआ। हालांकि इस दौरान प्रदूषण में पराली जलने की हिस्सेदारी 10 फीसदी रही, जो दिवाली के बाद सबसे कम है। अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनतम 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की एजेंसी सफर के मुताबिक मंगलवार को भी एक्यूआई में सुधार की संभावना नहीं है, क्योंकि हवा की गति बढ़ने से प्रदूषण में पराली जलने का हिस्सा बढ़ जाएगा। उधर कश्मीर में सोमवार की सुबह घना कोहरा रहा। यहां तापमान जमाने वाले स्तर से नीचे पहुंच गया। श्रीनगर में तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस रहा, जो रविवार की रात के मुकाबले 0.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। पहलगाम में तापमान सबसे कम शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। तापमान बारामुला में माइनस 1.6, कुपवाड़ा में भी माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *