कश्मीर के सभी हिस्सों में शून्य डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में पारे में गिरावट के साथ सर्दी ने जोर पकड़ा है। कश्मीर के सभी हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है। जम्मू संभाग में भी ठंड बढ़ी है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के बादलों के बीच सूर्यदेव की लुका-छिपी दिन भर जारी रही। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 13 और 14 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर घाटी शीतलहर की चपेट में है। संभाग के लगभग सभी जिलों में दिन का तापमान भी दस डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि रात का पारा सामान्य से दो-तीन डिग्री नीचे चल रहा है। राजधानी श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से गिरकर माइनस 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में माइनस 5.4 और गुलमर्ग में माइनस 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। जम्मू में रविवार को ठंड का अधिक अहसास हुआ। दिन में हल्की धूप के बीच सर्द हवाएं चलती रहीं। यहां दिन का तापमान 20.5 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बीती कुछ रातों से पारा 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। संभाग के बनिहाल में न्यूनतम तापमान 17.0, बटोत में 15.3, कटड़ा में 18.2 और भद्रवाह में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह और कारगिल में ठंड बढ़ने से कई पर्वतीय क्षेत्रों में पाइपों में पानी जमने लगा है। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 12.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि दिन का पारा 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में न्यूनतम तापमान माइनस 9.1 और दिन का पारा 3.9 डिग्री रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *