नई दिल्ली। शनिवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने घोषणा की है कि हज यात्रा 2023 के लिए ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि 10 मार्च है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन फार्म जमा करने की शुरुआत 10 फरवरी, 2023 से हुई। लोग हज समिति की वेबसाइट hajcommittee.gov.in/haf23 पर आवेदन कर सकते हैं।
बता दें, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने 6 फरवरी को नई हज नीति की घोषणा की थी, जिसके तहत हज यात्रा के लिए आवेदन पत्र मुफ्त में उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही हज यात्रा के लिए पैकेज की राशि 50,000 रुपये कम की गई है। नई हज नीति को साझा करते हुए मंत्रालय ने कहा कि महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजन और बुजुर्गों के लिए यात्रा के दौरान विशेष व्यवस्था की गई है।
हर वर्ष ईद उल अजहा त्योहार के मौके पर दुनियाभर के मुस्लिम हज के लिए सऊदी अरब के मक्का शहर जाते हैं, जो मुसलमानों का पवित्र स्थान है। हज शारीरिक और आर्थिक रूप से सक्षम सभी वयस्क मुसलमानों के लिए एक अनिवार्य धार्मिक कर्तव्य है। सऊदी अरब ने जनवरी में घोषणा की थी कि इस वर्ष हज के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या की कोई सीमा नहीं होगी।