Delhi: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी व ड्रग्स सरगना सलीम डोला को मंगलवार सुबह तुर्की से भारत लाया गया है. इससे दाऊद के ड्रग सिंडिकेट को तगड़ी चोट पहुंची हैं. सलीम डोला लंबे समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी में था. उस पर न सिर्फ मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप हैं, बल्कि उसके खिलाफ अवैध नेटवर्क को फंडिंग करने के भी गंभीर आरोप हैं. सलीम डोला को मुंबई ले जाकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दिल्ली एयरपोर्ट पर ‘ड्रग डॉन’ की लैंडिंग
सोमवार रात दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट छावनी में तब्दील रहा. तुर्की से डिपोर्ट किए जाने के बाद सलीम डोला को एक विशेष सुरक्षा दल के साथ दिल्ली लाया गया. सुरक्षा कारणों से उसे एयरपोर्ट के एक वीआईपी गेट से निकालकर तुरंत अज्ञात स्थान पर ले जाया गया, जहां NCB (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) और मुंबई पुलिस की टीमें उससे संयुक्त रूप से पूछताछ करेंगी.
गिरफ्तारी के बाद इस्तांबुल से भारत डिपोर्ट किया गया
बताया जा रहा है कि सलीम डोला को हाल ही में इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के दौरान का वीडियो सामने आया है. वह एक होटल के रूम में रुका हुआ था. गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे इस्तांबुल से भारत डिपोर्ट किया गया है. सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ के बाद सलीम डोला को मुंबई पुलिस को हैंडओवर किया जाएगा.
हो सकते हैं अहम खुलासे
माना जा रहा है कि सलीम डोला से पूछताछ के दौरान अंडरवर्ल्ड नेटवर्क और उससे जुड़े कई अहम मामलों में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. मुंबई पुलिस भी सलीम डोला से पूछताछ करने वाली है.
5000 करोड़ का है अवैध कारोबार
सलीम डोला के प्रत्यर्पण को अंडरवर्ल्ड के ड्रग्स कारोबार के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. गैंगस्टर कथित तौर पर विदेश से ही ‘डी-कंपनी’ के नशीले पदार्थों के कारोबार का एक बड़ा हिस्सा संभाल रहा था. उसका कथित कार्टेल हर साल 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नशीले पदार्थों का नेटवर्क चला रहा था. एक अधिकारी ने कहा, “अगर डोला को हिरासत में ले लिया गया है, तो यह बहुत अच्छी खबर है. उसके तस्करी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है.”
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली समेत कई राज्यों में गर्मी से मिलेगी राहत, अगले 48 घंटों में बारिश का अलर्ट, आंधी और तूफान के भी आसार