Delhi: सीएम रेखा गुप्ता ने 3000 बेटियों को बांटीं मुफ्त साइकिलें, छात्राओं के खिले चेहरे

Delhi: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीएमश्री स्कूल में विद्या वाहिनी योजना के तहत निशुल्क साइकिलें बांटीं. इस अवसर पर तीन हजार से ज्यादा बच्चियों को साइकिलें मिलीं, जबकि महीने भर में कुल 1.40 लाख साइकिलें बांटी जानी हैं. मुख्यमंत्री ने बच्चियों से पूछा कि क्या वे साइकिल पाकर खुश हैं, जिस पर उन्होंने ‘यस मैम’ कहा.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और शिक्षा मंत्री आशीष सूद उपस्थित रहे. स्थानीय विधायक और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे. बच्चियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद को निशुल्क साइकिलें देने पर धन्यवाद दिया. 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा, “दिल्ली की बेटियां केवल अपने सपने नहीं संजोतीं, वे एक विकसित, शिक्षित और समर्थ दिल्ली का भविष्य भी गढ़ती हैं. विद्या वाहिनी योजना उनके इसी सफर की नई साथी है. आज दिल्ली के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली 3,000 बेटियों को साइकिलें भेंट की जाएंगी. ये साइकिलें हमारी बेटियों के लिए समय बचाने वाली, आत्मविश्वास बढ़ाने वाली और हर सुबह को नए उत्साह और नई उम्मीद से भरने वाली साथी बनेंगी.”

इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा को आसान बनाना है. राजधानी में कई ऐसी छात्राएं हैं, जिन्हें रोजाना लंबी दूरी तय करके स्कूल जाना पड़ता है. कई बार परिवहन की सुविधा या खर्च की वजह से उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है. ऐसे में मुफ्त साइकिल मिलने से न सिर्फ उनका सफर आसान होगा, बल्कि स्कूल में नियमित उपस्थिति भी बढ़ेगी.

इसे भी पढे़ं:-महाराष्ट में चार मंजिल इमारत गिरने से 9 की मौत, कई लोग मलबे में फंसे,  रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *